पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र के मेऊरा गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर सफाई कर रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

मृतका की पहचान मीरा देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, मीरा देवी रोज की तरह सुबह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें : सीतामढ़ी में मिस्ट्री डेथ… पड़ोसन के घर गया युवक, सुबह मिला शव

ग्रामीणों का कहना है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकती है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार पर पहले भी हमला हो चुका है, जिसमें एक सदस्य को गोली मारकर घायल किया गया था। ऐसे में यह मामला आपसी दुश्मनी से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप मृतका के ही भैंसुर श्लोक यादव और उनके बेटे भूषण यादव पर लगाया गया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : UPSC, BPSC, JEE और NEET की तैयारी अब होगी फ्री…. पूरी योजना जानिये यहाँ ।

सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है। एएसपी बाढ़-2 अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद मेऊरा गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। परिजन और ग्रामीण जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।