पटना: वर्ष 2013 में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की एक फिल्म आई थी जिसका नाम था स्पेशल 26। इस फिल्म में अक्षय कुमार और अनुपम खेर की अगुवाई में उनकी टीम CBI और आयकर अधिकारी बन कर ने कई ज्वेलरी समेत अन्य बड़े कारोबारियों के घर में छापेमारी कर बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी। इस फिल्म में ये लोग छापेमारी करते थे और पीड़ित को डरा धमका कर उसका सामान जब्त करने के नाम पर चोरी करते थे और जब तक पीड़ित को पता चलता था तब तक भाग जाते थे। हालांकि फिल्म में इन अपराधियों का पीछा करते हुए असली CBI अधिकारी मनोज वाजपेयी पकड़ तो नहीं पाते हैं लेकिन राजधानी पटना में इसी स्टाइल में की गई एक चोरी के आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गये।
मामले को लेकर पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि बीते 1 अप्रैल को अगमकुआं थाना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके गोदाम से कुछ सामान गायब हो गए हैं। शिकायत के आधार पर जब छानबीन की गई और सीसीटीवी फूटेज खंगाले जाने पर देखा गया कि उस दिन करीब 10 बजे सुबह में कुछ लोग दिनदहाड़े कई पिकअप गाड़ी पर सामान लोड कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि चोरी गए सामानों की कीमत करीब 50 लाख रूपये के आसपास थी।
यह भी पढ़ें - दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक, गेट तोड़ती घुस गई तेज रफ़्तार कार और फिर...
मामले में पुलिस ने लगातार छानबीन की और फिर पता चला कि सभी शातिर सामान लेकर मोतिहारी की तरफ जा रहे हैं जिसके बाद टीम गठित की गई और मोतिहारी पुलिस के सहयोग से सुगौली में छापेमारी कर चोरी किये गए सारे सामान बरामद कर लिए गए। इस दौरान घटना में इस्तेमाल किये गए तीन पिकअप गाड़ियां भी बरामद की गई जबकि पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्वी चंपारण के सुगौली का रहने वाला निहाल कुमार है जबकि तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में उसने बताया कि उनलोगों ने चोरी से एक दिन पहले रात में वहां जा कर गोदाम मालिक का लगाया ताला काट कर अपना ताला लगा दिया था। अगले दिन वे लोग सुबह में पहुंचे और अपने पास मौजूद चाभी से ताला खोल कर सामान पिकअप में डाल वहां से निकल गए ताकि किसी को शक न हो। दुकानदार जब दोपहर बाद अपने गोदाम पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली और फिर पुलिस को सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया कि बरामद सारा सामान इलेक्ट्रिक सामान है और चोर सभी सामान नेपाल में ले जा कर खपाने की तैयारी में थे। इन लोगों ने चोरी से पहले ही रेकी की थी और बाद में शातिर अंदाज में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें - बिहार की जीविका दीदियां लगातार लिख रही कामयाबी की इबारत, बिजली विभाग में मिली एक नई जिम्मेदारी...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट





