सीवान: सीवान के रघुनाथपुर के नव निर्वाचित राजद विधायक ओसामा शहाब मुश्किल में पड़ते दिख रहे हैं। रघुनाथपुर के राजद विधायक पर हत्या की साजिश का आरोप लगा है। वहीं पुलिस ने एक ही मामले में तीन FIR दर्ज किया है। मामला सीवान के एमएच नगर थाना के सेमरी गांव का है जहां रविवार की देर रात एक स्कॉर्पियो और ऑटो में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कार्पियो सवार ने ओसामा शहाब पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
मामले में बताया जा रहा है कि बीती रात थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के समीप एक स्कॉर्पियो और ऑटो में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो चालक के समर्थन में स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो पर हमला कर दिया और जम कर पत्थरबाजी की। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव कर दिया जिसमें एक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मामले को लेकर डिब्बी गांव निवासी चंदन सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि देर रात वह किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे तभी रास्ते में पहले से घात लगाये लोगों ने जान मारने की नियत से उनके ऊपर गोलीबारी की तथा पत्थरबाजी की। उन्होंने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज करवाते हुए रघुनाथपुर विधायक ओसामा शहाब पर अपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। साथ ही डब्लू खान पर भी साजिश रचने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें - फिल्म 'स्पेशल 26' की तर्ज पर पटना में चोरी, 3 पिकअप में ले भागे 50 लाख का सामान फिर...
मामले में पुलिस ने तीन FIR दर्ज की है। एक FIR चंदन सिंह के आवेदन पर दर्ज किया गया है जबकि दूसरा FIR ऑटो चालक एनुल हक़ ने दर्ज कराई है। उसने अपनी शिकायत में कहा है कि साइड लेने के चक्कर में स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उसके ऊपर फायरिंग की और जान से मारने की कोशिश की। ऑटो चालक ने चंदन सिंह समेत कुल 6 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है वहीं तीसरी FIR पुलिस के बयान के आधार पर चार नामजद समेत 100 अज्ञात के विरुद्ध दर्ज की गई है जिसमें कहा गया है कि सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो सवार पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया है। सूचना पर मौके पर पहुंच कर जब स्कॉर्पियो सवारों को निकालने की कोशिश की तो लोगों ने पत्थरबाजी की जिसमें 1 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सीवान के एसपी पूरन सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऑटो और स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद मामला बिगड़ा है। मामले में आरोपी चंदन सिंह और डब्लू खान का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके बीच पहले से ही राजनीतिक रंजिश चल भी रही है। फिलहाल विधायक ओसामा शहाब की भूमिका को लेकर छानबीन की जा रही है। वहीं इस मामले में कुल 3 FIR दर्ज किया गया है जबकि चंदन सिंह समेत दोनों पक्षों से कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें - दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक, गेट तोड़ती घुस गई तेज रफ़्तार कार और फिर...





