पटना: पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में आने के बाद पार्टी में।लगातार सक्रिय हैं और लगभग हर दिन नेता और कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। शनिवार को भी निशांत पार्टी कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिहार में नौकरी रोजगार और उद्योग धंधों को लेकर कई बातें कहीं। मीडिया से बात करते हुए निशांत ने कहा कि कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पार्टी कार्यालय आया हूं। हर दिन लोगों से मिल कर संगठन की मजबूती पर चर्चा कर रहा हूं।

इस दौरान उन्होंने विपक्ष के द्वारा नौकरी और रोजगार दिए जाने के सवाल पर कहा कि पिछले कार्यकाल में भी हमने 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था जिसमें हमने 10 लाख नौकरी तथा 40 लाख रोजगार दिए। अगले पांच वर्षों के लिए हमारा लक्ष्य 1 करोड़ नौकरी रोजगार देने का है। सरकार और हमलोग अपने इस वादे और लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि हम यह भी पूरा करेंगें। इस दौरान निशांत ने राज्य में निवेश के सवाल पर कहा कि सरकार राज्य में उद्योग धंधों को बढ़ावा दे रही है। निवेश करने वाले को अनुदान के साथ ही कई अन्य सुविधाएं भी दी जा रही है। जल्द ही विकसित बिहार का सपना पूरा होगा।

बता दें कि माना जा रहा था कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद निशांत कुमार राज्य के उप मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। नई सरकार के गठन के दौरान निशांत ने खुद ही पद लेने से मना कर दिया और कहा कि अभी मुझे बहुत काम और मेहनत करना है। साथ ही बिना किसी सदन का सदस्य बने हम कोई पद नहीं लेना चाहते। इसके साथ ही यह भी माना जा रहा था कि निशांत कुमार को पार्टी में भी बड़ी जिम्मेवारी दी सकती है लेकिन नीतीश कुमार की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी निशांत को नहीं रखा गया है जिससे अब यह स्पष्ट होता दिख रहा है कि वह अपने पिता की तरह संघर्ष करते हुए पदों पर पहुंचने की इक्षा रखते हैं।