मधुबनी: मां जानकी नवमी महोत्सव 2026 के अवसर पर माँ जानकी मिथिला पुरुष यादव समिति द्वारा मधुबनी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महोत्सव के अंतर्गत दिनभर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शनिवार को बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा एवं खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन संयुक्त रूप से किया। इस दौरान कबड्डी, खो-खो एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं वाटसन स्कूल मैदान तथा खेल भवन में आयोजित की गईं। वहीं नृत्य एवं संगीत प्रतियोगिता का आयोजन विवाह भवन, नगर निगम मधुबनी में किया गया। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को जजों द्वारा चयन कर माननीय कुलपति, विधान पार्षद और अध्यक्ष, बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इसके साथ ही मधुबनी नगर निगम के विवाह भवन में माँ जानकी नवमी का भव्य आयोजन किया गया, जहाँ माँ जानकी की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो लक्ष्मी निवास पांडेय, बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृ्त्युंजय कुमार झा तथा विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रवीण मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।जानकी नवमी के अवसर पर मधुबनी में कार्यक्रम आयोजित, संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि जानकी सेना वर्ष 2010 से लगातार इस महोत्सव का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा, डोली यात्रा एवं महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से माता जानकी के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि जिस प्रकार रामनवमी धूमधाम से मनाई जाती है, उसी प्रकार जानकी नवमी भी पूरे उत्साह से मनाई जानी चाहिए। संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो लक्ष्मी निवास पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कृत एवं संस्कृति का संरक्षण हम सभी का कर्तव्य है। मिथिला की पावन भूमि, जहाँ माता जानकी का जन्म हुआ, वहाँ इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं।जानकी नवमी के अवसर पर मधुबनी में कार्यक्रम आयोजित, संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान आचार्य धर्मेन्द्र द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण एवं स्वस्ति पाठ से वातावरण अत्यंत आध्यात्मिक हो उठा। बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने सभी लोगों से अपील की कि जानकी नवमी के अवसर पर घर-घर 11 दीप जलाकर इस पर्व को उत्सव के रूप में मनाएं। उपस्थित लोगों ने इस अवसर पर सामूहिक संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र झा ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ रणधीर कुमार यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर जानकी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वरुण कुमार सिंह, प्रो. रामसेवक झा, विनिता ठाकुर, सोनी झा, प्रतिभा रंजन, कार्यक्रम प्रमुख प्रमोद सिंह, दीपा झा, श्रवण कुमार महतो, मदन मिश्रा, पुष्पक कुमार, पंकज कुमार झा, चंदेस्वरी देवी, शंकर पासवान, अरुण कांत झा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।