वैशाली में गुरुवार की शाम एक सनकी आशिक ने अपनी प्रेमिका के घर में घुस कर उसे गोली मारी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर गांव के लोग प्रेम प्रसंग का मामला बता रहे हैं तो दूसरी तरफ युवती के परिजन आपराधिक घटना। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर छानबीन में जुट गई। बताया जा रहा है कि घायल युवती को इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है। घटना वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव की है जहां एक युवक अपनी प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज हो कर उसे गोली मार दी और फिर खुद आत्महत्या कर ली।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि स्थानीय युवक पंकज साहनी का अपने ही पड़ोसी युवती गंगा के साथ पिछले 5 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अक्सर फोन के माध्यम से घंटों बातचीत करते थे। करीब दो वर्ष तक सब ठीक ठाक रहा लेकिन उसके बाद परिजनों को को पता लगने पर बातचीत करने से मना किया गया। कुछ दिन तक दोनों ने एक दूसरे से बात नहीं की लेकिन फिर लड़का युवती से शादी के लिए दबाव बनाने लगा। युवक के परिजन भी इस रिश्ते के खिलाफ थे। बताया जा रहा है कि एक बार युवक को युवती के घर में जबरदस्ती घुसने की कोशिश करने पर उसकी पिटाई भी युवती के पिता ने की थी जिसके बाद उसकी पिटाई भी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद युवती के परिजनों ने शादी की तैयारी शुरू कर दी और फरवरी में तय भी कर दी गई कि मई महीने में होनी थी। बताया जा रहा है कि युवक कई बार धमकी दे चुका था कि अगर बेटी की शादी कही अन्य जगह करने की कोशिश की तो उसकी जान ले लूंगा। 

मामले को लेकर इलाजरत युवती ने बताया कि बीती शाम युवक अचानक मेरे घर में घुसा और बोला कि चार लाख रुपए जो रखे हैं वह मुझे दो। मैंने जब देने से मना किया तो मेरे ऊपर उसने गोली चला दी। गोली लगने के बाद मैं बेहोश हो कर गिर गई फिर क्या हुआ मुझे नहीं पता। वहीं युवती के पिता ने प्रेम प्रसंग की बात से इनकार करते हुए कहा कि युवक को किसी तरह भनक लग गई थी कि मेरे घर में शादी की तैयारी को लेकर 4 लाख रूपये रखे हुए हैं। युवक हथियार के बल पर वह रुपए लेने आया था और विरोध करने पर मेरी बेटी को गोली मार दी। वहीं मृतक युवक के पिता ने युवती और उसके परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवती ने फोन कर मेरे बेटे को बुलाया था फिर उसके पिता ने गोली मार कर हत्या कर दी। 

घटना की जानकारी मिलने के बाद फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और प्रेम प्रसंग या किस कारण से घटना घटी उसका पता लगाने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस को घटनास्थल से हथियार या गोली का खोखा नहीं मिला है वहीं एक जिंदा कारतूस बरामद की गई है। मामले को लेकर वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है जल्द ही उद्भेदन कर लिया जाएगा।