पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव रविवार को दिल्ली से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता डॉ. मुन्ना खान के नेतृत्व में सैंकड़ो समर्थकों ने पारंपरिक मिथिला अंदाज में पाग-चादर, फुल-माला और गर्मजोशी के साथ उनका अभिनन्दन किया। एयरपोर्ट परिसर में स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्त्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।
एयरपोर्ट से निकलने के बाद पप्पू यादव सीधे हाल ही में हुए चर्चित प्रेम ज्वैलर्स लूट कांड के पीड़ित मनोज ठाकुर के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। पत्रकारों से बातचीत में पप्पू यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में आम आदमी, व्यापारी और महिलाएं—कोई भी सुरक्षित नहीं है। उनका आरोप था कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और खासतौर पर सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : मुजफ्फरपुर में बड़ी साजिश का खुलासा! 200 कारतूस के साथ दो गिरफ्तार, पीछे कौन ?
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी लूट की घटना बिना प्रशासनिक मिलीभगत के संभव नहीं है। “अपराधियों को संरक्षण मिलता है और सिस्टम में ऊपर तक सेटिंग है,” उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा। साथ ही उन्होंने हथियार लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और इसे सिफारिश और पैसे से प्रभावित बताया।मुख्यमंत्री Nitish Kumar पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य की स्थिति कमजोर हुई है और सरकार अपराध नियंत्रण में विफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर भी जांच की मांग उठाई।
यह भी पढ़ें : रिमोट कंट्रोल से चलेगी सरकार? पप्पू यादव का बड़ा बयान, 14 अप्रैल को इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश कुमार
महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में दुष्कर्म और छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने समाज से भी ऐसे मामलों में मुखर विरोध की अपील की। अंत में पप्पू यादव ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है।




