अररिया जिले के फारबिसगंज में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां दो लोगों की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने अनुमंडलीय अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक, सुबह-सुबह फारबिसगंज मार्केटिंग यार्ड के पास एक व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। इसी बीच, मौके पर मौजूद लोगों ने कथित आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के सामने ही उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस तरह कुछ ही घंटों के भीतर दो लोगों की जान चली गई, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ गई।
यह भी पढ़ें : बिहार में नई सरकार के लिए BJP कल लेगी बड़ा फैसला, दोनों डिप्टी सीएम के साथ ही ये मंत्री भी गई दिल्ली
मृतकों की पहचान नबी हुसैन और रवि चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर आगजनी की और आसपास की कई दुकानों में तोड़फोड़ की। हालात तब और बिगड़ गए जब भीड़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और वहां भी जमकर हंगामा व तोड़फोड़ की।
यह भी पढ़ें : 13 के बाद शुरू होगी नई सरकार के गठन की कवायद, नीतीश के खास संजय चौधरी ने कह दी बड़ी बात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी जितेंद्र कुमार ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सहमे हुए हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति सामान्य करने की कोशिश जारी है।





