सारण: बिहार में इन दिनों भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध निगरानी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस दौरान निगरानी विभाग लगातार घूस लेने के आरोप में कई अधिकारियों और अन्य सरकारी कर्मियों को गिरफ्तार भी कर चुकी है लेकिन बावजूद इसके रिश्वत लेने का सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा। निगरानी विभाग की टीम ने सारण में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दारोगा को गिरफ्तार किया है। निगरानी की टीम गिरफ्तार दारोगा को अपने साथ ले कर चली गई जिन्हें मुजफ्फरपुर में विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जायेगा।
मामले को लेकर निगरानी विभाग की तरफ से जानकारी दी गई कि सारण के डोरीगंज थाना के सब इंस्पेक्टर मोहित मोहन ने एक कांड के केस डायरी में मदद करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी मनु कुमार ने निगरानी में दर्ज कराई थी जिसके सत्यापन के बाद निगरानी डीएसपी मो वसीम फिरोज के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी की गई।
यह भी पढ़ें - 'आहत हैं फिर भी राहत है', नीरज कुमार के आवास पर लगे पोस्टर से सियासी खलबली, तेजस्वी पर भी कसा तंज
छापेमारी के दौरान निगरानी की टीम ने दारोगा मोहित मोहन को उनके आवास से 9 हजार रूपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दारोगा ने शिकायत करने वाले मनु कुमार से एक केस के डायरी में मदद करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी जो अब उन्हें खुद ही दोषी बना दिया है। फ़िलहाल निगरानी की टीम गिरफ्तार दारोगा अपने साथ लेकर चली गई और पूछताछ के बाद मुजफ्फरपुर में स्थित विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जायेगा, साथ ही निगरानी की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
चंदन तिवारी की रिपोर्ट





