गया जी: बिहार में पुलिस एक तरफ शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के दावे करती है तो दूसरी तरफ अपराधी तथा असामाजिक तत्व पुलिस से बेख़ौफ़ तो है ही, पुलिस पर हमला करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने गस्ती पर निकली पुलिस टीम पर हमला कर दिया और ASI का हाथ तोड़ दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल ASI को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो हमलावरों को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मामला गया जी शहर का है जहां बीती देर रात रामपुर थाना की पुलिस गस्ती टीम पर हमलावरों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर हमले का आरोप वार्ड पार्षद और उनके अन्य सहयोगियों पर लग रहा है। बताया जा रहा है कि हमला के बाद से वार्ड पार्षद फरार हैं जबकि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान हमलावरों ने पुलिस टीम में शामिल दो जवानों तथा गाड़ी के ड्राईवर के साथ भी धक्का मुक्की की और मौके से भाग निकले।

यह भी पढ़ें   -     ट्रैफिक पुलिसकर्मी को नहीं दिया गैस सिलिंडर तो एजेंसी की गाड़ियों का कर दिया चालान, कर्मियों ने किया सड़क जाम

घटना के संबंध में हमला में घायल रामपुर थाना के ASI विक्रम पासवान ने बताया कि वे अपनी टीम के साथ 10 बजे के आसपास थाना से गस्ती करने निकले थे। विभिन्न इलाकों से होते हुए जब वह गेवालबिगहा मोड़ के पास पहुंचे तो वहां उन्होंने देखा कि एक दुकान खुली है और 10-15 लोग इकठ्ठा हो कर शोरगुल कर रहे हैं। इसके बाद वह अपनी गाड़ी से उतर कर दुकान पर गए और दुकानदार से कहा कि रात काफी हो गई है, इतनी रात को दुकान क्यों खुला रखा है। इसी दौरान शराब के नशे में झूमता हुआ एक व्यक्ति उनके पास आया और गाली गलौज तथा हाथापाई करते हुए उलझ गया। इसके बाद उन्होंने उस व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस गाड़ी में बैठा लिया फिर वहां मौजूद वार्ड पार्षद कलाम कुरैशी समेत 10 से अधिक लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया और हिरासत में लिए गए व्यक्ति को छुड़ा लिया।

घायल ASI ने बताया कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दिया और इसी दौरान उनका एक हाथ टूट गया जबकि उनकी पीठ पर भी गंभीर चोटें लगी है। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उन्हें ICU में रखा गया है। मामले को लेकर रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस गश्ती टीम में शामिल ASI विक्रम पासवान पर हमला करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि मुख्य आरोपी की पहचान कर छापेमारी की जा रही है। फ़िलहाल मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ फरार है लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वार्ड पार्षद कलाम कुरैशी के साथ ही पांच नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

यह भी पढ़ें   -     केस डायरी में मदद करने के एवज में दारोगा ने मांगी थी रिश्वत, रंगे हाथ चढ़े निगरानी के हत्थे

YouTube Video