पटना: राजधानी पटना में पुलिस नशा और आपराधिक घटनाओं के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में राजधानी पटना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित काफ सिरप और अन्य सरकारी दवाइयां बरामद की है। पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फ़िलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
मामले की जानकारी देते हुए पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि चित्रगुप्तनगर थाना पुलिस को भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन में पता चला कि कफ सिरप अगमकुआं थाना क्षेत्र के भागवत नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक मकान में रखा गया जहां ड्रग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके से विभिन्न ब्रांड के करीब 9370 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप, इंजेक्शन और भारी मात्रा में सरकारी दवाइयां बरामद की गई जिसमें एंटी वेनम, एंटीबायोटिक्स और अन्य दवा शामिल है।
यह भी पढ़ें - बापू टॉवर देख मंत्रमुग्ध हुए जावेद अख्तर, कहा 'पूरी दुनिया घूम लिया लेकिन नहीं देखा ऐसा'
सिटी एसपी ने बताया छानबीन के दौरान जानकारी मिली कि मकान को जयंत कुमार समेत एक अन्य व्यक्ति ने किराया पर ले रखा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जयंत कुमार को गिरफ्तार भी किया है जो पहले भी उत्पाद थाना में दर्ज एक मामले में जेल जा चुका है वहीं अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। सिटी एसपी ने बताया कि मामले में दो FIR दर्ज किये गए हैं जिसमें एक NDPS एक्ट का है और दूसरा सरकारी दवाइयों के चोरी का मामला दर्ज किया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि बरामद दवाइयां कम से कम 50 लाख रूपये से 1 करोड़ रूपये के बीच के हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि इससे पहले भी हमने रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की थी। उस दौरान हमने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया था क्योंकि कहीं न कहीं उनकी लापरवाही या मिलीभगत की वजह से ही प्रतिबंधित चीजें यहां तक लाई जाती है। एसपी ने बताया कि देश के विभिन्न शहरों से लोजिस्टिक्स कंपनियों के माध्यम से प्रतिबंधित चीजें पटना लाइ जाती हैं इसलिए अब हमलोग इस मामले को भी ध्यान में रख कर कार्रवाई कर रहे हैं और इस सप्लाई चेन को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं
यह भी पढ़ें - हमने अंग्रेज को भगाया अब उनके एजेंट से डरेंगे क्या? पवन खेड़ा के आवास पर असम पुलिस पहुंचने का पटना में हुआ विरोध
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट





