पटना: राजधानी पटना में बंद घरों को निशाना बनाते हुए चोरी करने वाले एक गिरोह का पटना पुलिस ने उद्भेदन किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में नकद और चोरी के अन्य सामान के साथ एक चोर को भी गिरफ्तार किया है। चोर ने पुलिस पूछताछ में कई घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र निवासी मो परवेज उर्फ कल्लू के रूप में की गई जो कि वर्तमान में पटना के दीघा इलाके में किराए के मकान में रहता था।

मामले की जानकारी देते हुए पटना सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि बीते दिनों पाटलिपुत्र और दीघा थाना इलाके में घरों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई थी। चोरी की घटना की छानबीन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से 7 लाख 97 हजार 300 रुपए नकद, एक आईफोन, तीन घड़ी, एक जोड़ी चांदी का पायल, चांदी का गाय का मूर्ति, दो चांदी का सिक्का, दो सोने का चेन, एक सोने का हाथ कढ़ा, एक सोने का ब्रेसलेट, सो जोड़ सोने का इयर टॉप, एक जोड़ा सोने का हीरा जड़ित टॉप,एक हीरा का कान का टॉप और 6 लॉकेट बरामद हुआ है।
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि मो परवेज पहले भी पाटलिपुत्र और श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र ने छोटी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता के साथ ही उसके अन्य सहयोगियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।




