मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां धार्मिक आयोजन के बाद बांटे गए प्रसाद को खाने से एक दर्जन से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए। सभी मरीजों को तत्काल कटरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कटरा थाना क्षेत्र के खंगुरा डीह गांव की है। गांव में सत्यनारायण भगवान की पूजा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही घंटों बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि देर रात और सुबह के समय कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और घबराहट जैसी समस्याएं होने लगीं। धीरे-धीरे बीमार लोगों की संख्या बढ़ती गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने बिना देर किए सभी मरीजों को अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें : नीतीश ने बिहार का खजाना कर दिया खाली BJP ने किया बर्बाद, तेजस्वी ने नई सरकार गठन को लेकर कहा..

कटरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया है। चिकित्सकों के अनुसार, प्रसाद में किसी तरह की गड़बड़ी या दूषित सामग्री के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई हो सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है और सभी पर निगरानी रखी जा रही है। इधर, सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रसाद के नमूनों को जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें : CM हाउस में मैराथन मीटिंग्स - CM रेस में कई नाम, लेकिन आखिर मुहर किस पर?

फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।