पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बन जाने के बाद अब नई सरकार के गठन को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। नई सरकार की गठन को लेकर भाजपा ने मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से बनाए गए आब्जर्वर शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर दो बजे से प्रदेश कार्यालय में बैठक की जाएगी। माना जा रहा है कि बैठक में आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की जाएगी साथ ही विधायक दल का नेता भी चुना का सकता है। 

बिहार में सरकार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर भाजपा ने अपने सभी विधायकों को पटना लौटने का निर्देश दिया है। बता दें कि बिहार के कई दिग्गज नेता और विधायक इस वक्त पश्चिम बंगाल में चुनाव की कमान संभाले हुए हैं जिन्हें कल की बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया है। पटना में विधायकों के जुटने का सिलसिला आज शाम से ही शुरू होने की उम्मीद है। भाजपा विधायक दल की यह बैठक काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पहली बार भाजपा राज्य में अपना मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। भाजपा कार्यालय में कल की बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई है।

वहीं बिहार सरकार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी बड़ा बयान दिया है। संजय झा ने कहा कि NDA के अंदर सब कुछ ठीक ठाक है और हमारे केंद्रीय नेतृत्व आपस में बातचीत कर रहे हैं। संजय झा ने नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा को लेकर कहा कि जो भी होगा वह बिहार के हित में होगा और बहुत जल्द ही अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। बता दें कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल की अंतिम कैबिनेट बैठक मंगलवार को बुलाई है। कैबिनेट की बैठक में भी कई अहम निर्णय लिए जा सकते हैं। इधर नई सरकार के गठन को लेकर भी काफी हलचल देखने को मिल रही है।