गया जी: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद पहली बार उपमुख्यमंत्री बनने के बाद विजय कुमार चौधरी बुधवार को गया जी पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान डिप्टी सीएम गया जी के गेवाल बिगहा स्थित खानकाह पहुंचे, जहां उन्होंने मजार पर चादरपोशी कर प्रदेश की खुशहाली और अमन-चैन की दुआ मांगी। गया जी दौरे के दौरान विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से भी बातचीत की और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए गठबंधन को वहां जीत हासिल होगी। उन्होंने कहा कि जनता विकास और स्थिरता के पक्ष में मतदान करेगी, जिससे एनडीए को लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें - दिल्ली से लौटते ही सीएम सम्राट ने अचानक बुलाई कैबिनेट की बैठक, ले सकते हैं बड़ा फैसला...
बिहार में लागू रहेगी शराबबंदी कानून
मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून पर साफ शब्दों में कहा कि सरकार इस नीति को जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि शराबबंदी पहले से लागू है और इसे और अधिक सख्ती के साथ लागू किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है और इस दिशा में कोई ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि प्रशासन को कानून के पालन में और सक्रिय किया जाएगा।
इस दौरान हाल ही में पटना में हुए एनकाउंटर को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि एनकाउंटर किसी सरकार को ध्यान में रखकर नहीं किया जाता, बल्कि यह पूरी तरह परिस्थितियों और अपराधियों की गतिविधियों पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नई सरकार बनने के बाद यह उनका पहला गया दौरा था। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी की।
यह भी पढ़ें - पप्पू यादव के बयान से गरमा गए अनंत सिंह, कहा 'पागल हो गया बताये अपनी पत्नी कहां है, एनकाउंटर पर भी...'





