पटना: बिहार की राजनीति में गहमागहमी के बीच अब पहली बार भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। बिहार भाजपा के विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति बन गई है और अब सम्राट चौधरी को बधाइयाँ भी मिलने लगी है। सम्राट चौधरी अब बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। कहा जा रहा है कि सम्राट बुधवार को लोक भवन में शपथ ग्रहण करेंगे।

सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री चुने जाने पर भाजपा में काफी ख़ुशी का माहौल है। कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय में जश्न मना रहे हैं। अब कुछ ही देर में NDA विधान मंडल दल की बैठक की जाएगी और NDA के सभी घटक दल से भी सहमति ली जाएगी और इसके बाद फिर सम्राट चौधरी लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। 

यह भी पढ़ें     -     इस्तीफा के बाद नीतीश कुमार ने किया सोशल मीडिया पोस्ट, लिखा 'बिहार में और भी बेहतर और अधिक काम होगा'

भाजपा विधायक दल की बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा जिसके बाद कई विधायकों ने उसका समर्थन किया और फिर सर्वसम्मति से उन्हें नेता चुन लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक दल की बैठक के पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता घोषित किया। सम्राट चौधरी के नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में हर्ष और उल्लास का माहौल हो गया और सभी सम्राट चौधरी के जयकारे लगाने लगे।

विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने नेता चुने जाने पर पार्टी के सभी विधायक, नेतृत्व और अन्य वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद कहा और कहा कि मेरे लिए जीवन में भाजपा ने जो मौका दिया है वह बहुत अधिक है। मैं प्रधानमंत्री के विचारों से प्रभावित हो कर इस पार्टी से जुड़ा और जिस तरह से मुझे जिम्मेदारियां मिलती गई मैंने उसे निभाया। जनता ने बिहार के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को अपना जनादेश दिया और मुझे भी कई जिम्मेदारियां मिली। मैं प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अन्य सभी वरीय नेताओं को धन्यवाद देता हूँ। आगे भी मुझे जो जिम्मेदारी दी जाएगी या दी जा रही है उसे ईमानदारी से निभाने की कोशिश करूंगा।

यह भी पढ़ें     -     बिहार में अब खत्म हो गया नीतीश युग, राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, अगला CM कौन?

YouTube Video