पटना: बिहार में सत्ता परिवर्तन को लेकर विपक्ष NDA पर लगातार हमलावर है। सोमवार को एक बार फिर राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के सीएम पद से हटने के सवाल पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि मैं तो पहले से ही कह रहा हूं कि मुख्यमंत्री चाहे जो भी बनें, लेकिन उन्हें जनादेश नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जा तो जरूर रहे हैं लेकिन उन्होंने बिहार का खजाना खाली कर दिया है। अभी के समय में न तो किसी कर्मी को वेतन मिल रहा है और न ही सरकारी काम करने वाले ठेकेदारों को। 20 साल से वह मुख्यमंत्री रहे लेकिन राज्य भी गरीब ही है। सभी मामलों में बिहार अभी के समय में फिसड्डी है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में न तो रोजगार है, न उद्योग धंधे हैं, हर दिन अपराध के घटना में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रति व्यक्ति आय इत्यादि में राज्य सबसे अंतिम पायदान पर है। उस दिन हमने कहा था कि बिहार में मंत्रियों को भी वेतन नहीं दिया गया है तो मेरे खाते में भेज दिया गया लेकिन अभी भी कई विधायक, MLC हैं उन्हें वेतन नहीं मिली है। अभी तो बिहार में सरकार ही सरकार बदल रही है और नई सरकार बना रही है। बिहार को भाजपा और NDA ने खत्म कर दिया है और अब और भी बर्बाद कर देंगे। बिहार में पहली बार हो रहा है कि ऐसा मुख्यमंत्री बनने जा रहा है कि सरकार अब गुजरात के दो व्यक्ति चलाएंगे। यहां तो सभी रेस में हैं जो भी बनेंगे वह दिल्ली से ही चलेंगे।
तेजस्वी ने जदयू कार्यालय के बाहर से सीएम नीतीश का पोस्टर हटाए जाने को लेकर कहा कि पार्टी में भाजपा प्रकोष्ठ बना हुआ है। जदयू के लोग भाजपा के इशारों पर उसके लिए निर्णय ले रहे हैं। किसी को केस से बचना है तो किसी को ठेकेदारी करना है या मंत्री बनना है इसलिए जदयू के लोग अपनी ही पार्टी को खत्म करने में लगे हुए हैं। अभी तो पोस्टर ही हटाया गया है, धीरे धीरे सब कुछ हट जाएगा। बिहार में लोग बस कुर्सी कुर्सी कर रहे हैं, मुख्यमंत्री चाहे जो भी बनें लेकिन उनके पास जनादेश नहीं है।
दरअसल राजद ने अपने सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की लॉन्चिंग की है। इस मामले को लेकर तेजस्वी यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और बताया कि पहले हमारा छात्र राजद था लेकिन हम राष्ट्रीय स्तर पर नहीं थे। अब हम सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के माध्यम से देश भर के सभी विश्वविद्यालयों में जायेंगे और छात्रों को उनकी सुविधाएं और हक दिलाने के लिए आवाज उठाएंगे। तेजस्वी ने कहा कि हमने छात्र राजद को 2006 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत छात्र राजद को भंग कर दिया और छात्र विंग के लिए नया एसोसिएशन बनाया है। अब हमारी पार्टी के छात्र इसी विंग के तहत विश्वविद्यालय में अपनी आवाज उठाएंगे।




