पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को दिल्ली जाएँगे जहां वे शुक्रवार को राज्यसभा की सदस्यता हेतु शपथग्रहण करेंगे। इसके बाद फिर वह 11 अप्रैल को वापस पटना लौटेंगे। कहा जा रहा है कि पटना से वापसी के बाद सीएम किसी भी दिन अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं जिसके बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट के साथ शपथ लेंगे। इस बीच अब खबर मिल रही है कि अपने दिल्ली दौरा के दौरान नीतीश कुमार प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे। हालांकि अभी इस मुलाकात की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है लेकिन सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि सीएम दोनों नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।

दिल्ली से लौटने के बाद देंगे इस्तीफा

सीएम नीतीश के दिल्ली दौरा को लेकर उनके खास करीबी एवं बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी ने भी बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा था कि नीतीश कुमार गुरुवार को दिल्ली जायेंगे और शुक्रवार को राज्यसभा का शपथ लेंगे। हालांकि इससे अधिक जानकारी उन्होंने नहीं दी लेकिन माना जा रहा है कि सीएम पद से इस्तीफा देने से पहले नीतीश कुमार भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बिहार में अगली सरकार और नेतृत्व को लेकर बातचीत हो सकती है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली से लौटने के बाद सीएम नीतीश किसी भी दिन विधानमंडल दल की बैठक बुला कर अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए राज्यपाल को सौंप सकते हैं।

यह भी पढ़ें     -    बुकिंग के 3 से 4 दिनों के भीतर हो रही है रसोई गैस की होम डिलीवरी, मंत्री लेसी सिंह ने कहा 'राज्य में उपलब्ध है पर्याप्त गैस'

भाजपा का होगा नया मुख्यमंत्री

नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद खरमास के बाद यानि 15 अप्रैल के बाद किसी भी दिन राज्य के नए मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट के साथ शपथ ले सकते हैं। अभी इन बैठकों या शपथग्रहण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। बता दें कि सीएम नीतीश बीते 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं और 30 मार्च को उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। अब राज्यसभा का शपथ लेने के बाद वह मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे देंगे जिसके बाद माना जा रहा है कि भाजपा अपने किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाएगी। हालांकि कहा यह भी जा रहा है कि राज्यसभा जाने के बावजूद नीतीश कुमार बिहार की सरकार को अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे।

भाजपा करेगी बड़ी बैठक

वहीं सरकार गठन को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी एक शुक्रवार को दिल्ली में एक अहम बैठक बुलाई है जिसमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ ही बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, दोनों उप मुख्यमंत्री समेत बिहार के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इस दौरान बिहार सरकार के नए नेतृत्व को लेकर चर्चा की जाएगी। हालांकि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा अभी तक इसकी घोषणा नहीं की गई है और माना जा रहा है कि नीतीश कुमार के इस्तीफा के बाद ही नए सीएम चेहरा के नाम की घोषणा की जाएगी।

यह भी पढ़ें     -    बिहार में टूरिज्म बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने दी एक और नई सुविधा, अब घर बैठे कर सकेंगे होटल बुक

YouTube Video