मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां दोस्ती निभाने के चक्कर एक युवक को भारी कीमत चुकानी पड़ी। प्रेम कहानी को अंजाम तक पहुंचाने के लिए खुद को ‘लव कूरियर’ बनाने वाला दोस्त अब सलाखों के पीछे है। जानकारी के मुताबिक, एक युवक अपने दोस्त की प्रेमिका को उसके पास पहुंचाने में मदद कर रहा था। उसने पूरी प्लानिंग के साथ लड़की को उसके प्रेमी से मिलवा दिया, ताकि दोनों साथ रह सकें। लेकिन इस कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब लड़की के घरवालों ने उसे गायब पाया और तुरंत अपहरण का मामला दर्ज करा दिया।
यह भी पढ़ें : सम्राट होंगे बिहार के नए 'चौधरी', संभालेंगे नीतीश की विरासत
परिजनों ने इस घटना को इज्जत से जोड़ते हुए कटरा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और जल्द ही इस ‘मददगार दोस्त’ तक पहुंच गई। जांच के बाद आरोपी मुकेश कुमार, पिता नथुनी राय, को गिरफ्तार कर लिया गया और कांड संख्या 104/26 के तहत जेल भेज दिया गया। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि “दोस्ती निभाने से पहले कानून की किताब भी पढ़ लेनी चाहिए।” वहीं कुछ लोग इसे सबक के तौर पर देख रहे हैं कि किसी की निजी जिंदगी में दखल देना कितना भारी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : सुसाइड या मर्डर? बिहटा की इस मौत ने पुलिस को भी उलझाया
फिलहाल, प्रेमी-प्रेमिका कहां हैं, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। लेकिन इस पूरे मामले ने यह जरूर साबित कर दिया है कि इश्क के मामलों में जल्दबाजी और बिना सोचे-समझे उठाया गया कदम कभी-कभी कानून के शिकंजे में भी फंसा सकता है।




