पटना: बिहार में अब गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह से तेज धूप माहौल में गर्माहट भरने लगी है। दिन में तो लोगों का घरों से निकलना मुश्किल होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राजधानी का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा भी कई जिलों का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया वहीं रोहतास के डेहरी में पारा 43 दर्ज किया गया।
प्रचंड गर्मी और बढ़ते पारा को देखते हुए पटना के डीएम ने 5वीं कक्षा तक के स्कूलों का समय बदल दिया है। डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी किया है कि 21 से 25 अप्रैल तक जिले के पांचवीं कक्षा तक की कक्षाएं, आंगनबाड़ी केंद्र, प्री स्कूल अब दोपहर 12:30 बजे तक ही चलेंगे। यह आदेश सभी सरकारी और निजी विद्यालयों पर लागू होगा।




