पटना: बिहार के किशनगंज के करोड़पति डीएसपी मामले की जांच अभी चल ही रही है इसी बीच अब इंस्पेक्टर के पास अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है। यह इंस्पेक्टर भी किशनगंज के नगर थाना में तैनात हैं। मंगलवार को EOU की टीम ने किशनगंज नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार रंजन के पटना, छपरा और किशनगंज के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि EOU को इंस्पेक्टर के पास 50-60 करोड़ रूपये की संपत्ति होने की जानकारी मिली है जिसके बाद छापेमारी की गई।
EOU की छापेमारी में अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति के कई साक्ष्य भी मिले हैं। बताया जाता है कि मुजफ्फरपुर के फतेहपुर कांटी में एक प्रॉपर्टी में इंस्पेक्टर ने 20 करोड़ रूपये निवेश किये हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में जमीन माफियाओं से जुड़ कर काली कमाई की है। देर शाम तक EOU की कार्रवाई में कई संपत्तियों में निवेश, हाई प्रोफाइल लाइफस्टाइल, ट्रक खरीदने समेत कई अन्य संपत्तियों की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार रंजन 2009 में ASI के पद पर नौकरी ज्वाइन किया था और 2023 में इंस्पेक्टर बने थे।
यह भी पढ़ें - सम्राट ने 56 वर्षों बाद तोडा यह रिकॉर्ड, कर्पूरी ठाकुर के बाद पहली बार किया ऐसा
अपने सेवाकाल में उन्होंने कई जिलों में ड्यूटी की और अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की। छापेमारी के दौरान छपरा, मुजफ्फरपुर, पटना समेत सिलीगुड़ी में जमीन खरीदने के साक्ष्य मिले हैं। उनका पटना के रामकृष्णा नगर में 2200 स्क्वायर फूट की जमीन पर 4 मंजिला मकान बनाया है जिसमें लागत करीब 2 करोड़ रूपये बताई जा रही है। इसके साथ ही छपरा में भी भव्य दो मंजिला मकान बनवाया है। छापेमारी के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि इंस्पेक्टर ने बागडोगरा से मुंबई तक हवाई यात्रा की थी और वहां 5 दिनों तक होटल ताज में परिवार के साथ रहे थे। इसके साथ ही जानकारी मिल रही है कि इनके पास 6-7 ट्रक भी है। प्राथमिक जांच में इंस्पेक्टर का स्थानीय बालू माफिया, शराब माफिया, एंट्री माफियाओं से सांठगांठ हैं और इसके माध्यम से ही उन्होंने अकूत बेनामी संपत्ति अर्जित की है।
यह भी पढ़ें - सब लोगों ने मिल कर बिहार की समृद्धि का रास्ता खोलने का दिया है मौका, सम्राट ने PM-नीतीश को कहा धन्यवाद





