पटना: BPSC की 71वीं संयुक्त लिखित परीक्षा आज से शुरू हो रही है। आयोग ने कदाचार मुक्त और पारदर्शी परीक्षा आयोजित करने हेतु अभ्यर्थियों के लिए कई निर्देश जारी किया है। मेंस परीक्षा को लेकर शनिवार की सुबह से अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। आयोग ने परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए पहले ही समय निश्चित कर दिया था जिसकी वजह से समय से परीक्षा केंद्र में घुसने के लिए अभ्यर्थी पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच चुके थे। सुबह 7:30 बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश कराया गया। इस दौरान अभ्यर्थियों को सिर्फ एडमिट कार्ड और आईडी लेकर ही अंदर जाने की अनुमति दी गई।
BPSC परीक्षा केंद्र में घुसने से पहले यह सुनिश्चित की गई कि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले कर प्रवेश न कर सकें। पहले दिन पहली शिफ्ट में हिंदी विषय की परीक्षा ली जा रही है जबकि दूसरी शिफ्ट में निबंध पत्र की होगी जिसके लिए 1 बजे तक ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। बता दें कि BPSC की 71वीं संयुक्त मेंस परीक्षा आज से शुरू हो कर 30 अप्रैल तक पटना के 22 विभिन्न परीक्षा केंद्र पर आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रशासनिक सेवा, बिहार पुलिस सेवा और समकक्ष 1298 पदों पर चयन के लिए आयोजित की जा रही है। मेंस परीक्षा में कुल 13024 अभ्यर्थी शामिल होंगे।




