पटना: सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद से ही राज्य में कानून व्यवस्था ठीक होने और माफियाओं के साथ अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की बातें शुरू हो गई थी। अब पटना पुलिस ने एक बार फिर ऑपरेशन लंगड़ा के माध्यम से अपराधियों को कड़ी कार्रवाई का संदेश दे दिया है। मामला राजधानी पटना का है जहां पुलिस ने लूटकांड के एक आरोपी को गोली मारी है। घायल हालत में अपराधी को पटना एम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में लूट कांड के आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामदगी के लिए बेऊर थाना क्षेत्र के सिपारा पहुंची थी जहां पहले से रखे कट्टा से अपराधी ने फायरिंग कर दी। पुलिस पर अपराधी की तरफ से गोली चलाए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी है। घायल अपराधी की पहचान बेऊर इलाके के ब्रह्मस्थानी का रहने वाला दिलीप कुमार के रूप में की गई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल अपराधी को गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया है। फिलहाल पुलिस घायल अपराधी से पूछताछ के बाद उसके अन्य सहयोगियों का पता लगाने में जुटी है।
एनकाउंटर की सूचना पर मौके पर पहुंची अपराधी की मां ने पुलिस पर कई आरोप लगाए। आरोपी की मां ने कहा कि मेरा बेटा कोई गलत काम नहीं करता है। वह एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल का गाड़ी चलाता है फिर भी पुलिस ने उसे गोली मार दी। वहीं मामले को लेकर पटना के SSP कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि हाल ही में रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक आभूषण दुकान से हथियार के बल पर लूटपाट की थी। घटना के बाद पुलिस ने एक SIT गठित कर छानबीन शुरू की थी और कुछ लोगो की पहचान की गई। इस दौरान पुलिस ने उदित नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और उसने पूछताछ में बताया कि दिलीप ने इस घटना को अंजाम दिया है।
SSP ने बताया कि उदित की निशानदेही पर दिलीप को भी गिरफ्तार किया गया और उसने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि घटना में शामिल सभी लोगों ने बेऊर के सिपारा इलाके में बैठकर लूट के सामान का बंटवारा किया और वहीं आसपास में हथियार भी छुपाए हैं। हथियार बरामदगी के लिए पुलिस उसे लेकर यहां पहुंची थी और उसे खोजने के क्रम में पहले से रखे एक कट्टा से दिलीप ने पुलिस अधिकारी हेमंत झा झा पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में हेमंत झा बाल बाल बच गए और उन्होंने जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली मारी। इसके बाद अपराधी को दुबारा गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने फायरिंग किए जाने वाले कट्टा समेत लूटकांड में प्रयुक्त अन्य हथियार भी बरामद कर लिया है साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है।




