पटना जिले के फतुहा इलाके से इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां गंगा नदी में स्नान के दौरान एक ही परिवार के दो बच्चों के डूबने से हडकंप मच गया। घटना कच्ची दरगाह स्थित गंगा घाट पर पीपा पुल के पास हुई, जहां सुबह करीब 11 बजे परिवार के कई सदस्य स्नान करने पहुंचे थे। मिली जानकारी के अनुसार, डूबने वालों की पहचान निशांत कुमार और मानसी कुमारी के रूप में हुई है, जो आपस में ममेरे-फुफेरे भाई-बहन थे। दोनों अपने रिश्तेदारों के घर आलमपुर आए हुए थे और उसी दौरान गंगा स्नान के लिए घाट पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें : दरभंगा में मौत का धमाका! सिलेंडर ब्लास्ट से 3 की गई जान, आखिर कैसे भड़की आग?
बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ जब एक सदस्य के डूबने पर उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर कुल सात लोग नदी में चले गए। हालांकि स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन निशांत और मानसी गहरे पानी में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना के SHO सद्दाम हुसैन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद रुस्तमपुर थाना और राघोपुर ब्लॉक प्रशासन की टीम भी सक्रिय हो गई। कई जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
यह भी पढ़ें : CM हाउस में तेज हलचल, नीतीश के बाद कौन? 48 घंटे में तय होगा नया CM, नाम पर सस्पेंस बरक़रार
सबसे बड़ा सवाल SDRF की देरी को लेकर उठ रहा है। हादसे के करीब पांच घंटे बाद, यानी दोपहर 3:50 बजे SDRF टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजन घाट पर बैठकर मदद का इंतजार करते रहे और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था। SDRF के पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोर गोलू और उनकी टीम ने खोजबीन शुरू कर दी थी। बाद में SDRF के साथ मिलकर शाम 6 बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा इंतजामों और आपदा प्रतिक्रिया में देरी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




