पटना: बीते दिनों संसद में महिला आरक्षण बिल दो तिहाई बहुमत नहीं मिल पाने की वजह गिर गया जिसके बाद से सत्ता पक्ष विपक्ष पर लगातार हमलावर है। इसी कड़ी में सोमवार को NDA की महिलाओं ने राजधानी पटना में विपक्ष के विरुद्ध हल्ला बोल किया। राजधानी पटना के कारगिल चौक पर भारी संख्या में महिलाएं जुटी और विपक्ष के विरुद्ध जम कर नारेबाजी की। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने महिलाओं का अधिकार देने की कोशिश की लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने रोक दिया।

महिलाओं ने कहा कि देश में जब तक कांग्रेस की सरकार थी तब तक उसने कुछ भी नहीं किया और अब जब मोदी सरकार कुछ कर रही है तब उसे भी नहीं होने दे रही है। इस दौरान महिलाओं ने हाथ में तख्ती और बैनर पोस्टर ले रखा है और जोरदार नारे लगा रही हैं।

गांधी मैदान में महिला आरक्षण बिल के समर्थन में प्रदर्शन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंध लगा दिया है। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने लोगों से ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। इसके तहत गांधी मैदान की चारों तरफ ऑटो और ई-रिक्शा के चलने पर रोक रहेगी। साथ ही दानापुर से राजापुर पुल के रास्ते आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को पुलिस लाइन से वापस दानापुर की ओर मोड़ दिया जाएगा। अशोक राजपथ से गायघाट की ओर से आने वाली गाड़ियां कृष्णा घाट के पास कुनकुन सिंह लेन से आगे की ओर जा सकेंगी। एक्जीबिशन रोड में भट्टाचार्या चौराहे से गांधी मैदान ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जायेंगे। एसपी वर्मा रोड से आने वाली गाड़ियां स्वामीनंदन तिराहा तक ही आ सकेंगे और वहां से बाटा मोड़ होते हुए लौटेंगे।बुद्धमार्ग और छज्जूबाग से टीएन बनर्जी पथ और कोतवाली टी से पुलिस लाइन तिराहा तक गाड़ियां नहीं चलेंगी।