जहानाबाद जिले के कड़ौना थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कनौदी गांव स्थित एक निजी गुरुकुल विद्यालय के हॉस्टल में रह रहे 5 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पटना-डोभी नेशनल हाईवे को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक बच्चे की पहचान बुलाकी बीघा गांव निवासी धनंजय कुमार के बेटे आशू कुमार के रूप में हुई है, जो यूकेजी का छात्र था और लोदीपुर के पास स्थित गुरुकुल हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, उन्हें अचानक सूचना मिली कि बच्चे की तबीयत खराब है। जब वे हॉस्टल पहुंचे, तो आशू की हालत बेहद गंभीर थी।
यह भी पढ़ें : गोपालगंज में दिल दहला देने वाली वारदात.... पिता ने 19 साल की बेटी की ली जान
परिवार का आरोप है कि बच्चे के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हाईवे जाम कर दिया। उनका कहना है कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
यह भी पढ़ें : चांदी में भारी गिरावट, सोना भी फिसला... खरीदारी का सही मौका या बड़ा खतरा
वहीं, पुलिस का कहना है कि हॉस्टल प्रबंधन इसे दुर्घटना बता रहा है। एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हॉस्टल इंचार्ज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और लोग जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।





