पटना: इन दिनों लगभग हर दिन बिहार में शादियों की शहनाई बज रही हैं और हर तरफ हर्ष और ख़ुशी का माहौल है। शादियों के बीच बिहार सरकार और पुलिस की लाख बंदिश के बावजूद हर्ष फायरिंग रुकने का नाम नहीं ले रहा। अक्सर यह हर्ष फायरिंग लोगों की जान पर आफत बन कर भी सामने आ रहा है। इसी कड़ी में पटना के फतुहा में शादी के दौरान हर्ष फायरिंग ने एक किशोर की जान ले ली। मामला रविवार देर रात की है जब फतुहा के डुमरी गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक किशोर की जान चली गई।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि स्थानीय रामबाबू की भतीजी की शादी को लेकर बारात का स्वागत किया जा रहा था। इस दौरान डीजे के धुन पर लोग नाच रहे थे इसी बीच एक युवक अवैध रूप से कट्टा लहराते हुए हर्ष फायरिंग करने लगा। युवक के फायरिंग में एक गोली 16 वर्षीय रवि को लग गई ज्सिके बाद वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजनों ने उसे आनन फानन में फतुहा में एक अस्पताल ले कर गए जहां से डॉक्टरों ने PMCH रेफर कर दिया। बताया जा रहा कि इलाज के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें - शाम में निकलनी थी बेटे की बारात, सेहरा खरीद कर लौट रहे पिता को अपराधी ने रास्ते में मारी गोली
बताया जा रहा है कि शादी के दौरान हर्ष फायरिंग करने वाले दो युवकों की पहचान कर ली गई है जो किशोर को गोली लगते ही मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की पहचान गोलू और न्यूटन के रूप में की गई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर निर्माणाधीन मकान में भूसे के अंदर छिपा हुआ देशी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है जो कि फरार है। वहीं दूसरी तरफ शादी के घर में हर्ष फायरिंग की वजह से किशोर की जान जाने से मातम का माहौल हो गया।
घटना को लेकर पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार और फतुहा SDPO 1 अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। फ़िलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए हर्ष फायरिंग करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक अन्य की तलाश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि शादी या अन्य किसी भी समारोह में हर्ष फायरिंग न करें, यह अवैध है और सख्त क़ानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। वहीं हर्ष फायरिंग जानलेवा भी है, जिससे किसी की जान सकती है।
यह भी पढ़ें - पटना से बारात लेकर दुल्हन लाने जहानाबाद पहुंचा था दूल्हा, मंडप की जगह बन गया बंधक फिर..





