Join Us On WhatsApp

सदर अस्पताल में अंदरखाने का खेल उजागर! दलाली गैंग पर गिरी गाज, 2 गिरफ्तार

कटिहार सदर अस्पताल में दलाली के आरोपों को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

The inside game of Sadar Hospital is exposed!
सदर अस्पताल में अंदरखाने का खेल उजागर! दलाली गैंग पर गिरी गाज, 2 गिरफ्तार- फोटो : Darsh NEWS

कटिहार जिले के सदर अस्पताल से जुड़ी एक गंभीर और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अस्पताल परिसर में चल रहे कथित “दलाली गैंग” के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी के बाद पुलिस ने दो आशा कर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि कुल दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ आशा कर्मी मरीजों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर दलाली कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग मरीजों को भ्रमित कर निजी जांच केंद्रों और निजी अस्पतालों में भेजते थे, जिससे मरीजों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।

यह भी पढ़ें: शादी का झगड़ा बना जानलेवा ! सुबह होते ही युवक को मारी गोली

तीन दिन पहले जिला अधिकारी द्वारा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं। निरीक्षण के समय ही कुछ मरीजों और उनके परिजनों ने दलाली से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों से की थीं। इसके बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट मांगी। स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि सबूतों के आधार पर दो आशा कर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें: पटना सिविल कोर्ट फिर निशाने पर! छठी बार बम धमकी, पप्पू यादव की सुनवाई फिर टली

प्रशासन ने साफ कहा है कि मरीजों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। अस्पताल में अब निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है। इस कार्रवाई के बाद सदर अस्पताल में हड़कंप का माहौल है और ईमानदारी से काम करने वाले कर्मियों ने भी राहत की सांस ली है।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp