Join Us On WhatsApp

छपरा में कानून को खुली चुनौती: बालू माफियाओं ने खनन टीम की गाड़ी तोड़ी, पुलिसकर्मी घायल

छपरा में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम और पुलिस पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया।

Open challenge to law in Chapra
छपरा में कानून को खुली चुनौती: बालू माफियाओं ने खनन टीम की गाड़ी तोड़ी, पुलिसकर्मी घायल- फोटो : Darsh NEWS

सारण जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम और पुलिस पर बालू माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर सरकारी वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और कई जब्त वाहनों को भी छुड़ा ले गए। इस घटना में खनन विभाग के निरीक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

घटना शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जगदम कॉलेज ढ़ाला के पास हुई। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब साढ़े आठ बजे साढ़ा ढ़ाला की ओर से बालू लदा एक ट्रक गुजर रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद खनन विभाग के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से ट्रक का पीछा करते हुए मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें: जदयू में निशांत कुमार की एंट्री: बोले– पिताजी के 20 साल के काम को आगे बढ़ाऊंगा

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए 15 से 20 की संख्या में मौजूद बालू माफियाओं ने टीम को चारों तरफ से घेर लिया और अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने स्कॉर्पियो पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर उसके शीशे और बॉडी को बुरी तरह तोड़ दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस और खनन टीम कुछ देर के लिए संभल नहीं सकी और अपनी जान बचाने के लिए वाहन के अंदर ही बंद होकर बैठ गई। स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावरों ने काफी देर तक गाड़ी पर हमला किया, जिससे स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। हमला करने के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर बीन टोलिया गांव की ओर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें: टी-20 फाइनल का जुनून: बिहार में कहीं बड़ी स्क्रीन, तो कहीं भारत की जीत के लिए हवन-पूजा

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने के एसआई मृत्युंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी निलेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को हमलावरों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp