Join Us On WhatsApp

ड्राइवरों का फूटा गुस्सा: 10 मांगों को लेकर कारगिल चौक पर धरना, सरकार को दी चेतावनी

जहानाबाद में बिहार ड्राइवर संघ के बैनर तले ड्राइवरों ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर समाहरणालय स्थित कारगिल चौक पर धरना प्रदर्शन किया।

Drivers' anger erupted
ड्राइवरों का फूटा गुस्सा: 10 मांगों को लेकर कारगिल चौक पर धरना, सरकार को दी चेतावनी- फोटो : Darsh NEWS

जहानाबाद में बिहार ड्राइवर संघ के बैनर तले जिले भर के ड्राइवरों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। ड्राइवर एसोसिएशन के सदस्य कनौदी से पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय स्थित कारगिल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर विरोध जताया।

धरना कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ड्राइवर समाज लंबे समय से अपनी सुरक्षा, अधिकार और सामाजिक सुरक्षा को लेकर सरकार से मांग करता आ रहा है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में ड्राइवर की मौत को आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि उनके परिवारों को आर्थिक सहायता मिल सके।

यह भी पढ़ें: हड़ताल पर गए राजस्व कर्मियों को डिप्टी सीएम की दो टूक, कहा 'हमारी सहानुभूति को कमजोरी न समझें वरना...'

संघ की ओर से मांग की गई कि दुर्घटना में ड्राइवर की मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए, जबकि स्थायी रूप से अपाहिज होने की स्थिति में 10 लाख रुपये तक आर्थिक सहायता का प्रावधान किया जाए। इसके साथ ही 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले ड्राइवरों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई गई। ड्राइवरों ने यह भी मांग की कि सभी वाहनों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि दुर्घटना या किसी विवाद की स्थिति में वास्तविक दोषी की पहचान हो सके। उनका कहना था कि कई बार सड़क दुर्घटनाओं में बिना जांच के ड्राइवर को ही दोषी ठहरा दिया जाता है, जबकि कई मामलों में अन्य लोग जिम्मेदार होते हैं।

यह भी पढ़ें: चिराग होंगे बिहार के सरताज, पटना की सड़कों पर लगे पोस्टर लिखा है...

प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार दुर्घटना के बाद भीड़ ड्राइवरों के साथ मारपीट करती है, जिससे उनकी जान तक चली जाती है। ऐसे मामलों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की गई। ड्राइवर संघ के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पूरे देश में ड्राइवर एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेंगे और जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp