Join Us On WhatsApp

मंदिर में शादी से पहले मौत: प्रेमी को उठाकर ले गए, पीट- पीटकर कर दी उसकी हत्या

सीतामढ़ी में प्रेम प्रसंग ने खौफनाक मोड़ ले लिया। मंदिर में शादी की तैयारी कर रहे युवक को सरपंच और उसके साथियों ने कथित तौर पर उठाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।

Death before wedding
मंदिर में शादी से पहले मौत: प्रेमी को उठाकर ले गए, पीट- पीटकर कर दी उसकी हत्या- फोटो : Darsh NEWS

सीतामढ़ी जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी करने की तैयारी कर रहे युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना डुमरा प्रखंड के सिरा गांव की है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के अनुसार सिरा गांव निवासी राजू कुमार का गांव के ही सरपंच की भतीजी के साथ प्रेम संबंध था। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। परिवार की नाराजगी के कारण दोनों ने मंदिर में विवाह करने की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि इसके लिए दोनों पुनौरा धाम मंदिर पहुंचने वाले थे।

इसी दौरान इस योजना की जानकारी सरपंच राजीव राय को मिल गई। आरोप है कि सरपंच अपने कुछ साथियों के साथ मंदिर पहुंचा और वहां से युवक को जबरन उठा ले गया। इसके बाद उसे एक स्थान पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें: दैनिक राशिफल: 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन

इस पूरे मामले को लेकर सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने डुमरा थाना में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सरपंच राजीव राय को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।

Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp